
पानीपत [बलराज सैनी]। आम बजट से ठीक पहले सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं की जेब पर कैंची चलाते हुए गैस सिलेंडर के दाम में 1.40 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। यह वृद्धि बुधवार से ही लागू हो गई। अभी तक दिल्ली में इसके दाम 279.70 रुपये थे। वहीं कामर्शियल गैस सिलेंडर भी 44.75 रुपये महंगा हो गया है। पानीपत में अब यह 794.25 रुपये और रसोई गैस सिलेंडर 311.45 रुपये में मिलेगा। यदि उपभोक्ता स्वयं एजेंसी के गोदाम से सिलेंडर लाता है, तो उसे 8 रुपये कम चुकाने होंगे।
सरकार की ओर से चुपके-चुपके घरेलू गैस सिलेंडर का रेट बढ़ाने से उपभोक्ताओं की बजट में राहत को लेकर बंधी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़कर लगभग 72 डालर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है। इसे देखते हुए तेल कंपनियों- इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कामर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की है।
इंडियन आयल के चीफ एरिया मैनेजर विजय नारायण ने बताया कि 1.40 रुपये की बढ़ोतरी में 40 पैसे एजेंसी मालिक का कमीशन है, जबकि एक रुपये टैक्स बढ़ाया गया है।

No comments:
Post a Comment